अमरोहा। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत राजकीय इंटर कालेज के मैदान में शनिवार को ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा स्वामियों और चालकों को जागरूक करने के लिए रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन किया गया। चालकों को राष्ट्रीय राजमार्ग व परिवहन मंत्रालय की जारी चालक विनियमन की जानकारी दी गई। बताया कि सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने वाले वाहन चालक को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
आरटीओ जय शंकर तिवारी ने कहा कि वाहन चालक मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने पर केवल चालान कर प्रपत्र जब्त कर लिए जाते थे और हल्का जुर्माना वसूल कर छोड़ दिया जाता था। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा अब मोटर वाहन कानून को और सख्त कानून में बदल दिया गया हैं। सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने वाले वाहन चालक को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। इसलिए वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहें और सावधानी पूर्वक वाहन का संचालन करें। समस्त वैध प्रपत्र वाहन चलाते समय अपने पास सुरक्षित ढंग से रखें।
वाहन की फिटनैस, बीमा प्रदूषण जांच आदि निर्धारित समयावधि से पूर्व में ही करा लें। जिससे अनजाने भी नियमों का उल्लंघन ना हो पाए। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन किया जाना बेहद जरुरी हैं तभी हम सड़क दुर्घटनाओ में होने वाली मृत्यु दर को रोक पाऐंगे। इस दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी कमल कुमार गुप्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रमा कांत वर्मा, यात्री/माल कर अधिकारी संजय कुमार सिंह, एआरएम नरेंद्र गंगवार, पदम सिंह, जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य अनिल कुमार जग्गा, मनोज कुमार सिंह, संजीव सिंह, नवेद एयाज, सुबोध रस्तोगी, यासीर अंसारी आदि मौजूद थे।