नींदडू। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच झोलाछापों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें नोटिस जारी किए गए है। नोटिस में तीन दिन के भीतर चिकित्सीय प्रमाण पत्रों का अवलोकन नहीं कराने पर आवश्यक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
कस्बे के एक युवक की ओर से तहसील दिवस में शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया गया था कि नींदडू़ में कई झोलाछाप बिना चिकित्सीय प्रमाण पत्रों के इलाज के नाम पर न केवल जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं, अपितु मरीजों से मोटी रकम भी ऐंठ रहे हैं। शासन की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायती पत्र मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को भेजा गया। सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धामपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी पीके गुप्ता को प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी सौंपी। मंगलवार को मध्याह्न डा. पीके गुप्ता ने नूरपुर मार्ग स्थित एक अस्पताल पर छापा मारा और वहां मौजूद डा विजेंद्र कुमार सिंह को चिकित्सीय प्रमाण पत्र नहीं दिखाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया। नोटिस में तीन दिन के भीतर चिकित्यीय प्रमाण पत्रों का अवलोकन एवं सत्यापन नहीं कराने की स्थिति में आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। डा. पीके गुप्ता ने बताया कि इसी प्रकार अनाधिकृत रूप से क्लीनिक चला रहे डा. रफीक, डा. कमलेश, डा. साजिद एवं डा. राहत आदि को भी नोटिस जारी किए गए हैं।