गन्ने से लदा ट्रक पलटा, मकान क्षतिग्रस्त
कोतवाली देहात। बुंदकी मार्ग पर गांव हाजीपुर में मिल पर जा रहा गन्ने का ओवर लोड ट्रक पलट गया। ट्रक के गन्ने के नीचे दबकर तीन पशु जख्मी हो गए, जबकि मकान का पिलर टूट गया और उसमें कई जगह दरार आ गईं। घटना के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
बुंदकी मिल के लिए गन्ना सेंटर से गन्ना लेकर कस्बा कोतवाली निवासी ट्रक चालक मोहम्मद हैदर मिल के लिए चला था। बृहस्पतिवार को लगभग साढे़ तीन बजे अकबराबाद-बुंदकी मार्ग पर गांव हाजीपुर पहुंचा तो गांव के बीच में फट्टा टूटने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में लदा गन्ना बलराम सिंह और नरेश कुमार के मकान में जा गिरा। इससे नरेश कुमार के तीन पशु घायल हो गए। गन्ने से बलराम सिंह के बरामदे का एक पिलर टूट कर गिर गया। जिसकी चपेट में आकर कीमती सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि मकान की दीवार और रसोई में दरार आ गई। घटना के बाद मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। मार्ग के दोनों ओर गन्ने से लदे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर मिल प्रशासन मौके पर पहुंच गया। दोनों पक्षों में समझौते के लिए वार्ता चल रही थी।