बिजनौर। निकाय चुनाव की मतगणना एक दिसंबर को है। प्रशासन ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। डीएम ने अधिकारियों की बैठक में चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। एसडीएम मतगणना प्रभारी बनाए गए हैं। जिले में पांच जगहों पर मतगणना होगी।
एडीआरओ सीताराम के अनुसार जिले की 12 नगरपालिका व छह नगरपंचायत के हुए मतदान की वोटों की गिनती एक दिसंबर शुक्रवार को है। आर जेपी इंटर कॉलेज, कासमियां इंटर कॉलेज नजीबाबाद, एचआईसी नगीना, गुलाब सिंह कॉलेज चांदपुर व केएम कॉलेज धामपुर में मतगणना होगी। पांचों स्थानों की बेरिकेडिंग कर दी गई है। कुल 341 टेबिल मतगणना के लिए लगी हैं। वोट गिनने में 1705 कर्मचारी लगे हैं। हर टेबिल पर एक सुपरवाइजर है। अध्यक्ष पद की टेबिल पर मतगणना के समय एक प्रत्याशी का केवल एक एजेंट रहेंगे। प्रत्याशी, मतगणना एजेंट व निर्वाचन एजेंट में से एक ही टेबिल पर रहेगा। तहसीलों के एसडीएम मतगणना प्रभारी है। तहसीलदार उनके साथ रहेंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। विजयी प्रत्याशियों के जुलूस निकालने पर पाबंदी है। एजेंटों को पास जारी कर दिए गए हैं। यदि कोई एजेंट पास बनवाने से रह गया हो तो वह 30 नवंबर बृहस्पतिवार तक पास जरूर बनवा लें।