रेलवे स्टेशन के 549 क्वार्टर पर लगेंगी एलईडी लाइट
नजीबाबाद।
रेलवे के विद्युत निगम ने बिजली की खपत कम करने के लिए रेलवे क्वार्टरों पर एलईडी लाइट लगाने का अभियान शुरू किया है। नजीबाबाद स्टेशन के क्वार्टर सहित आसपास के स्टेशनों के क्वार्टरों में एलईडी लाइट लगाई जाएंगी।
नजीबाबाद रेलवे स्टेशन से संबद्ध 549 क्वार्टरों में अप्रैल के अंत तक एलईडी लाइट जगमगाएंगी। नजीबाबाद स्टेशन के विद्युत निगम के सीनियर सेक्शन इंजीनियर मनोज कुमार के निर्देशन में रेलवे क्वार्टर में एलईडी लाइट लगाने का अभियान शुरू किया गया है। नजीबाबाद रेलवे स्टेशन के 329 रेलवे क्वार्टरों सहित फजलपुर, मोअज्जमपुर, किरतपुर,बिजनौर, हल्दौर, नगीना, धामपुर और कोटद्वार स्थित रेलवे कॉलोनी के सभी क्वार्टरों में एलईडी लगाने की योजना है। सीनियर सेक्शन इंजीनियर विद्युत ने बताया कि नजीबाबाद के 294 रेलवे क्वार्टरों पर एलईडी लगाने का काम पूरा हो चुका है। नजीबाबाद स्टेशन के क्वार्टरों में एलईडी लाइट लगाने के बाद अन्य स्टेशनों के क्वार्टरों पर एलईडी का अभियान चलाया जाएगा। रेलवे ने नजीबाबाद स्टेशन सहित सेक्शन के सभी स्टेशनों पर एलईडी लाइट लगाने का काम पहले ही पूरा कर लिया है।