हादसे में युवक की मौके पर मौत
हल्दौर। गांव खासपुरा में बाइक व ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका दूसरा अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव गल्लाखेड़ी निवासी सरदार सिंह का 22 वर्षीय पुत्र गौरव यादव अपने साथी अन्नू के साथ एक शादी समारोह शामिल होकर गांव पैजनियां की ओर से वापस अपने घर बाइक से लौट रहा था। वहां से गुजर रहे राहगीरों के अनुसार रविवार की रात करीब एक बजे बिजनौर- नूरपुर हाईवे मार्ग पर स्थित गांव खासपुरा के निकट नूरपुर से बिजनौर की ओर जा रहे एक ट्रक व बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गौरव यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका दूसरा साथी अन्नू गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद राहगीर ने मामले की सूचना फोन पर पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला भेजा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भिजवाया। बाइक सवार युवक के सिर पर हेलमेट नहीं था। चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।