ट्रक की चपेट में आकर युवक की मौत
बिजनौर। ट्रक की चपेट में आकर एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई । युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पेद्दा निवासी 33 वर्षीय नरेंद्र पुत्र मुकंदी पेंटर था। रविवार रात वह बिजनौर में काम कर बाईपास मार्ग से घर जा रहा था। रेलवे फाटक के पास एक ट्रक की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। लोगों की वहां भीड़ लग गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अनियंत्रित ट्रक पलटा, चालक व क्लीनर घायल
कोतवाली देहात। नेशनल हाईवे 74 पर गांव मखवाड़ा के पास अनियंत्रित ट्रक हाईवे किनारे गड्ढे में पलट गया। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के थाना माजरा क्षेत्र के गांव भूरापुरा निवासी ट्रक चालक सुरेंद्र सिंह अपने गांव के ही क्लीनर संजीव कुमार को साथ लेकर ट्रक लेकर देहरादून से नैनीताल जा रहा था। रविवार रात करीब 11 बजे नेशनल हाईवे 74 पर स्थित गांव मखवाड़ा के पास ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे स्थित गड्ढे में पलट गया। हादसे में सुरेंद्र व संजीव गंभीर घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस 108 से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से दोनों की हालत चिंताजनक देखते हुए जिला अस्पताल में भर्ती किया।