जिले की चार चीनी मिल को नोटिस जारी
बिजनौर। जिलाधिकारी ने जिले की चार चीनी मिलों को किसानों के गन्ने का भुगतान नहीं करने पर चेतावनी नोटिस जारी किया। इनमें वेव समूह की दो बजाज हिंदुस्थान समूह की एक तथा उत्तम शुगर मिल बरकातपुर शामिल हैं। नोटिस में कहा कि 25 फरवरी तक भुगतान नहीं करने पर किसानों के आंदोलन के कारण कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने पर चारों चीनी मिल जिम्मेदार होंगी।
जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार शुक्रवार देर शाम किसानों का गन्ना भुगतान नहीं करने वाले चीनी मिलों की विशेष बैठक जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने बुलाई थी। जिलाधिकारी को बताया कि पेराई सीजन 2017-2018 का वेव समूह की बिजनौर चीनी मिल बिजनौर पर 2632 करोड़ व बिजनौर चीनी मिल पर 3563 करोड़ बकाया है। चालू पैराई सीजन में बिजनौर चीनी मिल ने 36 करोड़ मूल्य का 15 लाख 85 हजार क्विंटल व चांदपुर मिल ने 66 करोड़ मूल्य का 25 लाख 84 हजार क्विंटल गन्ना लिया है। बजाज हिंदुस्थान की बिलाई इकाई ने 210 करोड़ मूल्य का 71 हजार 76 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई कर ली है। उत्तम शुगर मिल बरकातपुर ने 88 करोड़ मूल्य का 55 लाख 87 हजार क्विंटल गन्ना है। चारों चीनी मिल ने चालू सीजन में गन्ने का भुगतान नहीं किया है। किसान गन्ना भुगतान तुरंत करने की मांग लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
डीसीओ के मुताबिक जिलाधिकारी ने चीनी मिलों से सख्ती के साथ कहा कि प्रशासन बार-बार भुगतान करने के लिए कह रहा है। मिल गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। मिलों को ही उनके द्वारा खरीदें गए गन्ने का भुगतान करना है। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी ने शनिवार को भुगतान नहीं करने वाले चारो चीनी मिल को चेतावनी नोटिस जारी कर दिए हैं। नोटिस में कहा गया है कि चारों मिल 25 फरवरी तक किसानों के गन्ने का भुगतान करें। भुगतान नही करने पर यदि किसानों के आंदोलन के कारण अमंगल की स्थिति पैदा होती है तथा कानून व्यवस्था बिगड़ती है तो चारों मिल जिम्मेदार होंगे।