बिजनौर। महात्मा गांधी की पुण्य तिथि स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक किया। सभी से इस रोग को जड़ से मिटाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों का सहयोग करने की अपील की।
जिला कुष्ठ रोग अधिकारी रोहताश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्यकर्मियों की टीम मलिन बस्तियों में पहुंची। टीम ने नवाब का अहाता, लड़ापुरा आदि में लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक किया। जिला कुष्ठ रोग अधिकारी ने कहा कि कुष्ठ रोग पूर्णतया साध्य है। यह छुआछूत का रोग नहीं है। किसी को भी कुष्ठ रोगियों से भेदभाव नहीं करना चाहिए। इस रोग की जांच और उपचार जिला अस्पताल समेत सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त होता है। शरीर पर हल्के रंग के दाग, धब्बे और सुन्नता होना कुष्ठ रोग का प्रमुख लक्षण है। ग्राम प्रधान कांति देवी ने लोगों से समय से कुष्ठ रोग की जांच और उपचार कराने की अपील की। इस अवसर पर कुष्ठ परामर्श दाता नेहा सैनी, फिजियोथेरेपिस्ट सौरभ अग्रवाल, देवेंद्र सिंह, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।