पेंशनर्स का शोषण नहीं होगा बर्दाश्त : डीएम
बिजनौर। पेंशन दिवस पर डीएम अटल कुमार राय ने अधिकारियों को उनके विभागों में छह माह में सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों के रजिस्टर बनाने, अपडेट करने के निर्देश दिए। पेंशनर्स से जुड़े शासनादेशों का सख्ती से पालन करने को कहा। कहा कि पेंशनर्स सम्मानित व्यक्ति हैं। उन्होंने अपने जीवनकाल की महत्वपूर्ण अवधि शासकीय सेवा में व्यतीत की है। सम्मानित पेंशनर्स का शोषण किसी भी अवस्था में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलक्ट्रेट में हुई सभा में डीएम ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी समाज का प्रतिष्ठित व्यक्ति है और सीनियर सिटीजन होने के नाते से भी वह सम्मान के पात्र हैं। देश और समाज सेवा में अपने जीवन की महत्वपूर्ण अवधि का योगदान देने के बाद ही वह पेंशनर्स की श्रेणी में आते हैं। इसलिए हमारा नैतिक कर्तव्य है कि उनका सम्मान करें और शासन द्वारा उनको प्राप्त कराए जाने वाले लाभों से उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित करें। डीएम ने वरिष्ठ कोषाधिकारी को निर्देश दिए कि नियमित रूप पेंशनर्स के साथ त्रैमासिक समीक्षा बैठक करें। पेंशनर्स के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुन कर उनका निराकरण किया जाए।
सेवानिवृत्त कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष दुर्गा सिंह ने कोषागार में कर्मचारियों द्वारा पेंशनर्स के साथ असहयोगी रवैये और विभागीय अधिकारियों द्वारा पेंशनर्स के वाजिबात के प्रकरण लंबित रखने और रिवाइज पेंशन के मामले समय से कोषागार प्रेषित न किए जाने की शिकायत की। डीएम ने वरिष्ठ कोषाधिकारी एवं सभी विभागों के अध्यक्षों को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स के मामलों को नैतिक एवं मानवीय मूल्यों पर सात दिनों के अंदर निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी सूरज कुमार, उपनिदेशक कृषि जेपी चौधरी, जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार, जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह आदि मौजूद रहे।