अमरोहा। कुशक तालाब पर जेसीबी से प्लाटों की नींव उखाड़ने और अर्द्घनिर्मित मकानों को गिराने के बाद अगले दिन शुक्रवार को नगर पालिका और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मलबा उठाने कुशक तालाब पर पहुंची थीं। इस दौरान लोगों के विरोध के बाद टीमें बैरंग लौट आईं। शनिवार को टीमें कुशक तालाब पर अतिक्रमण हटवाने नहीं पहुंची। कुल मिलाकर विरोध के बाद तालाब से अतिक्रमण हटवाने का मामला ठंडा पड़ता दिखाई दे रहा है।
शुक्रवार को तालाब से अवैध कब्जे हटवाने पहुंची नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीमों का लोगों ने विरोध कर दिया था। मौके पर सैकड़ों लोगों की जमा भीड़ के विरोध के बाद टीमें बैकफुट पर आ गई थीं। इसके बाद भीड़ ने टीमों पर पथराव कर दिया था। मौके पर सूचना के बाद पहुंची पुलिस भी इस दौरान असहज नजर आई। राजस्व विभाग और पालिका की टीमें पथराव के बाद वापस लौट आईं। मलबा उठाने गई दो जेसीबी और ट्रैक्टर ट्राली को भी विरोध के बाद लौटना पड़ा। पथराव में एक जेसीबी के सीसे भी टूट गए थे। तहसील पहुंची महिलाओं ने एसडीएम व प्रभारी ईओ से अवैध कब्जे हटवाने को लेकर विरोध दर्ज कराया था। शनिवार को तालाब पर जाकर अवैध कब्जों की पैमाइश करके अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की टीमें हिम्मत नहीं जुटा पाईं। अब तालाब से अवैध कब्जे हटवाने का मामला ठंडा होता दिख रहा है।
जारी रहेगी कार्रवाई
अमरोहा। चेयरमैन शशि जैन ने कहा कि तालाब से अवैध कब्जे हटवाने को शासन से मांग की गई थी। प्रशासन ने कार्रवाई करके तालाब की जमीन से कुछ कब्जे हटवाए भी हैं। आगे भी कब्जे हटवाने की कार्रवाई जारी रहेगी।
हटेंगे कब्जे
अमरोहा। एसडीएम व प्रभारी ईओ सुखवीर सिंह ने कहा कि तालाब की जमीन से अवैध कब्जे हटवाए जाएंगे। जल्द ही पैमाइश कराकर अवैध कब्जे वाली जमीन को चिन्हित कर कब्जे हटवा दिए जाएंगे।