दीपावली पर एक लाख घरों को रोशन करेगा विद्युत निगम
बिजनौर। जिले के सभी घर दीपावली पर रोशन होगा। बिजली निगम का सभी गांवों को प्रधानमंत्री की सौभाग्य योजना के अंतर्गत दीपावली तक संतृप्त करने का लक्ष्य है। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए दो सौभाग्य रथ गांव-गांव जाएंगे। निगम के अधीक्षण अभियंता ने ग्रामीणों से सहयोग करने को कहा है।
अधीक्षण अभियंता एसपी सिंह के अनुसार जिले में करीब 2900 राजस्व गांव व मजरे हैं। प्रधानमंत्री की घर-घर बिजली पहुंचाने की सौभाग्य योजना में 300 गांवों में घर-घर बिजली पहुंच गई है। सभी गांवों में दीपावली तक घर घर बिजली देने का लक्ष्य रखकर काम चल रहा है। शासन की ओर से नामित दो निजी कंपनी गांव-गांव वांछित खंभाें व तार का सर्वे करने में लगी हैं। करीब 150 गांव का सर्वे पूरा हो गया है। निगम की टीम कनेक्शन देने के लिए एक सप्ताह में 70-80 गांव में कैंप लगा रही हैं। उपभोक्ता को कनेक्शन का कोई पैसा नहीं देना है। तार, केबिल, मीटर आदि फ्री लगेगा। लोगों को योजना की जानकारी देने दो सौभाग्य प्रचार वाहन रोजाना पांच-पांच गांव जा रहे हैं। वाहनों पर तैनात टीम मौके पर ही कनेक्शन देगी। ग्रामीण योजना का लाभ उठाएं।