कार और बाइक की भिड़ंत में दो महिला सहित तीन घायल
अफजलगढ़। गांव माननगर के निकट कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दो महिला सहित तीन घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। तीनों को सीएचसी से बाहर रेफर कर दिया गया।
गांव शाहपुरजमाल निवासी गौतम के साथ बाइक पर लक्ष्मी पत्नी चंद्रपाल व धर्मवती पत्नी प्रीतम सीएचसी अफजलगढ़ से जांच कराकर घर लौट रहे थे। बनैली नदी में पानी आने की वजह से वह भूतपुरी बाइक से जा रहा था। गांव माननगर के पास सामने से आ रही कार की बाइक से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार तीनों घायल हो गए। घायलों को आनन फानन में उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बाहर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों घायलों के सिर में गंभीर चोट के निशान हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश में लगी हुई है।