नवनिर्मित मार्ग को जेसीबी से उखाड़ा
नहटौर। एक सप्ताह पूर्व मिट्टी डालकर दुर्गा कॉलोनी से हल्दौर मार्ग को जोड़ने वाला रास्ता विवादों के घेरे में पड़ गया। दूसरे समुदायों के सैकड़ों लोगों ने कब्रिस्तान पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जेसीबी लगाकर रास्ते को उखाड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रास्ता उखाड़ रहे लोगों को खदेड़ दिया। एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। मामला दो समुदायों के बीच होने के कारण मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है।
नहटौर झालू मार्ग पर स्थित दुर्गा कॉलोनी में एक सप्ताह पूर्व कुछ लोगों ने रातों रात मिट्टी डालकर कॉलोनी का रास्ता हल्दौर मार्ग की ओर जोड़ दिया। कॉलोनी को दो रास्तों से जोड़ने के लिए रास्ता बना दिया गया। इससे एक समुदाय के लोगों में रोष फैल गया। उन्होंने कब्रिस्तान की भूमि पर रास्ता बनाने का आरोप लगाया। बुधवार को सैकड़ों लोग खुद ही जेसीबी लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मिट्टी डालकर बनाए गए रास्ते को खत्म करने की कमान स्वयं ही संभाल ली। जेसीबी से मिट्टी को इधर-उधर कर दिया। विवाद का पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को खदेड़ा। दोनों समुदायों के लोग आमने सामने आ गए। मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई। दोनों समुदायों के दर्जनों लोग थाने पहुंचे। कोतवाल चंद्रकिरण का कहना है कि राजस्व विभाग मामले की जांच करेगा। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।