हल्दौर में भाजपा के अमर जीते
बिजनौर। हल्दौर नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर भाजपा के अमर सिंह ने परचम लहराया है। भाजपा के पक्ष में सबसे पहले जीत का परिणाम हल्दौर के अमर को मिला। उन्होंने सपा की विमला को हराकर जीत हासिल की है।
भाजपा के अमर को 3,521 वोट मिले हैं, जबकि पराजित उम्मीदवार सपा की विमला को 2,818 वोट मिले हैं। मतगणना के पहले दौर से भाजपा के अमर, सपा की विमला के बीच कांटे की टक्कर रही। भाजपा के अमर ने वार्ड 05, 07, 09, 10, 13, 15, 17, 18, 19, 20, 21, 22, 25 में अपने प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले बढ़त बनाए रखी। बसपा प्रत्याशी संदीप भी दस वार्डों में मुकाबले में रहे। भाजपा प्रत्याशी अमर ने वार्ड 17 से लेकर 25 तक जमकर बढ़त ली, जिससे अमर को जीत मिली। डाक से प्राप्त मतों में अमर को छह, विमला, संदीप को एक-एक, निर्दलीय शोभा रानी को छह मत मिले।
वार्ड भाजपा सपा बसपा निर्दलीय
01 48 14 270 39
02 78 59 157 11
03 122 159 168 20
04 98 117 195 14
05 141 101 117 29
06 74 97 202 39
07 193 73 74 38
08 90 247 204 22
09 153 86 09 268
10 286 19 65 82
11 85 170 74 35
12 72 146 160 51
13 229 94 88 39
14 125 282 39 28
15 237 37 10 121
16 76 188 17 96
17 194 70 16 173
18 146 104 22 86
19 138 71 10 47
20 218 68 14 115
21 217 191 23 67
22 181 134 77 36
23 111 125 123 23
24 100 93 225 26
25 168 70 29 34
योग 3532 2816 2385 1539
35 मतदाताओं ने किसी को वोट नहीं दिया
हल्दौर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद चुनाव में नोटा का जमकर इस्तेमाल हुआ। वार्ड 06, 07, 08, 09, 10, 11, 16, 17, 19, 22, 23 को छोड़कर अन्य वार्डों के 35 मतदाताओं ने चुनाव में खड़े सभी 12 प्रत्याशियों को वोट देने योग्य नहीं समझा। उन्होंने नोटा के आगे मुहर लगाई।
भाजपा को मुस्लिम मोहल्लों में भी मिले खूब वोट
भाजपा प्रत्याशी को मुस्लिम वार्डों में भी खूब वोट मिले। जहां भाजपा का परंपरागत वोट बैंक माने जाने वाले सैनी बिरादरी विमला के पक्ष जाती हुई दिखाई पड़ी। वहीं चौहान बिरादरी भी निर्दलीय प्रत्याशी एवं पूर्व चेयरपर्सन शोभा रानी के साथ खड़ी दिखाई दीं। मुस्लिम मोहल्लों में भाजपा के अमर के पक्ष में हुआ मतदान ही उन्हें जीत के पायदान पर ले गया।
कई प्रत्याशी मतगणना पूरी होने से पहले की चले गए
हल्दौर नगर पालिका परिषद की मतगणना पूरी होने से पहले ही चेयरमैन पद के कई प्रत्याशी अपनी हार निश्चित समझ मतगणना स्थल छोड़कर चले गए। कई मतगणना टेबलों पर केवल भाजपा, सपा, बसपा के ही एजेंट दिखाई दिए। भाजपा ने हालांकि वार्ड सदस्यों के लिए अपने अधिकृत प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारे थे। लेकिन कई वार्ड सदस्यों को भाजपा प्रत्याशी अमर के जीत के वार्डों में खूब वोट मिले और वे जीत गए।
भाजपा प्रत्याशी को सहानुभूति का भी फायदा
भाजपा के विजयी उम्मीदवार अमर सिंह समाजसेवी हरि सिंह के पुत्र और निवर्तमान वार्ड सदस्य हैं। उनके पिता हरि सिंह वर्ष 2007 में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुके हैं। जिसमें उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। अमर की जीत में हरि सिंह की हार को लेकर मतदाताओं की मिली सहानुभूति को भी प्रमुख माना जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी का चुनाव प्रबंधन उनके चीफ एजेंट वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता नवीन कुमार ने किया था।
हल्दौर नगर पालिका परिषद नहटौर विधानसभा क्षेत्र में आता है। नहटौर विधानसभा सीट भाजपा के कब्जे में है और वहां से ओम कुमार विधायक हैं। उनकी ससुराल हल्दौर के मोहल्ला जमनोवाला में है। मोहल्ला जमनोवाला और अंबेडकर नगर पासपास हैं। भाजपा प्रत्याशी अमर को जमनोवाला, अंबेडकर दोनों मोहल्लों में 48, 78 वोट मिले। मतगणना के दौरान भाजपा विधायक के ससुराल क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को इतने कम वोट मिलना चर्चा का विषय बना रहा। इन दोनों मोहल्लों से बसपा ने जमकर वोट बटोरे हैं।