धामपुर। हरिद्वार से धामपुर होकर बरेली जा रहे एक कांवड़ियों के जत्थे में मैजिक घुस गया। मैजिक की टक्कर से तीन कांवड़िये घायल हो गए, जबकि पांच कांवड़ियों की कांवड़ खंडित हो गई। घटना से आक्रोशित कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।
बुधवार सुबह थाना भोजपुर (बरेली) के कांवड़ियों का जत्था हरिद्वार से धामपुर होता हुआ अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। जब कांवड़ियों को जत्था नगीना रोड पर पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचा तो पीछे से आ रहे मैजिक ने जत्थे को टक्कर मार दी। मैजिक की टक्कर से औंधे मुंह गिरकर तीन कांवड़िये घायल हो गए, जबकि पांच कांवड़ियों की कांवड़ खंडित हो गई। इससे कांवड़ियों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए कांवड़ियों ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाल के सामने नगीना चौराहे पर हाईवे जाम कर दिया। जाम लगते ही पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश में लग गई। कोतवाल ने आरोपी वाहन चालक आरिफ पुत्र मो. हनीफ निवासी लखीमपुर खीरी को गिरफ्तार करने के बाद बामुश्किल कांवड़ियों को कार्रवाई का भरोसा देते हुए जाम खुलवाया। घायल कांवड़िये वीरेंद्र पुत्र कांता प्रसाद, अजय गंगवार पुत्र लालू गंगवार और प्रेमराज पुत्र रामलाल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस ने कुछ कांवड़ियों को कांवड़ खंडित होने पर समझा बुझाकर कांवड़ लाने के लिए हरिद्वार रवाना कर दिया। कांवड़ियों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, कोतवाल संजय प्रताप सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।