सीतापुर गांधी नेत्र चिकित्सालय का होगा जीर्णोद्धार : एसडीएम
धामपुर (बिजनौर)।
सीतापुर गांधी नेत्र चिकित्सालय के निरीक्षण के बाद एसडीएम ने कहा कि इसके भवन का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अत्याधुनिक मशीनें व उपकरण खरीदे जाएंगे। भूमाफिया के कब्जे से अस्पताल की भूमि को भी मुक्त कराया जाएगा।
शुक्रवार शाम अस्पताल पहुंचे एसडीएम वीके सिंह को डॉ. सूफियान ने बताया कि अस्पताल की छत से पानी आता है। दीवारों पर सीलन रहती है। उपकरणों के भीगने का खतरा रहता है। शासन से उन्हें सुविधा नहीं मिल रही है। यहां मरीजों के बैठने तक का इंतजाम नहीं है। पुरानी मशीनों से उपचार किया जा रहा है। पूर्व की सरकारों की उपेक्षा के चलते अस्पताल को अस्तित्व बचाना भारी पड़ रहा है।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अस्पताल की करीब एक बीघा भूमि पर माफिया का कब्जा है। तत्कालीन एसडीएम अनिल सागर ने भूमि की पैमाइश कराई, लेकिन कब्जा नहीं हटवा सके। एसडीएम ने कहा कि भवन का जीर्णोद्धार करा हाईटेक मशीनें व उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने अस्पताल की भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कराने की भी बात कही।