फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नौगावां सादात के पूर्व चेयरमैन की गाड़ी का घेराव कर पथराव

विज्ञापन
विज्ञापन
महिलाओं से छेड़खानी पर बवाल, पूर्व चेयरमैन की गाड़ी पर पथराव
विज्ञापन


नौगावां सादात (अमरोहा)।
कस्बे के पूर्व चेयरमैन के बेटे व दोस्त के साथ बिजनौर के गांव इस्माईलपुर में बेरहमी से मारपीट के बाद अपने और पड़ोसी जिले का माहौल गरमा गया। बेटे से मारपीट होने का पता लगने पर गांव पहुंचे पूर्व चेयरमैन की गाड़ी का घेराव कर पथराव शुरू कर दिया। गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। आक्रोशित भीड़ के सामने पूर्व चेयरमैन और उनके भाई ने भागकर जान बचाई। बताया जा रहा है पूरा मामला छेड़खानी से जुड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी युवक गांव में बाइक पर स्टंटबाजी करते हैं और फब्तियां कसते हैं। रविवार को भी यही हुआ। छेड़खानी पर भड़के ग्रामीणों ने युवकों को बंधक बना लिया। सूचना पर पूर्व चेयरमैन अपने साथ कई लोगों को लेकर पहुंचे तो उनकी गाड़ी का घेराव कर पथराव शुरू कर दिया। जिले की सीमा पर तनाव बढ़ गया है। मामला दो समुदायों का होने के कारण पुलिस बल मुस्तैद है।
बिजनौर जिले के शिवाला कलां थाने का गांव इस्माइलपुर नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर स्थित है। ग्रामवासियों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से अमरोहा जनपद के कस्बा नौगावां सादात के कुछ युवक बाइकों पर स्टंट करते हुए गांव से गुजरते थे। इस दौरान वह सड़क से गुजरने वाली महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसते थे। शनिवार देर शाम एक बाइक पर सवार होकर आए युवकों ने महिलाओं से छेड़खानी की। ग्रामीणों ने उन्हें दबोच लिया और जमकर मारपीट की। इनमें नौगावां सादात कस्बे के पूर्व चेयरमैन नईम लाओजी का बेटा सुहैल भी था। वह उसका दोस्त घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा शांत करने का प्रयास किया, पर बात बढ़ती गई। इसके बाद नूरपुर व चांदपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों को शांत कर बंधक युवकों को छुड़ाया।
विज्ञापन

पता लगने पर पूर्व चेयरमैन अपने भाई को साथ लेकर गाड़ी से इस्माईलपुर पहुंचे। घायल बेटे व इसके दोस्त को उठा रहे थे। इसी दौरान जानकारी होने पर आए गांव के लोगों ने पूर्व चेयरमैन की गाड़ी को घेर लिया। भीड़ मारपीट पर उतारू हो गई। किसी तरह पूर्व चेयरमैन लोगों को समझा कर घायल बेटे व इसके दोस्त को लेकर शिवाला कलां थाने पहुंचे। पुलिस को तहरीर दी। घायलों को बिजनौर में भर्ती कराया। इधर देर रात पूर्व चेयरमैन पुलिस कार्रवाई करके लौट रहे थे। उधर जानकारी मिलते ही इस्माईलपुर के ग्रामीण बिजनौर-अमरोहा मार्ग पर इकट्ठा हो गए। पूर्व चेयरमैन की गाड़ी आती देख पथराव कर दिया। ईंट पत्थर फेंकने लगे। गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। किसी तरह भाग कर जान बचाई और मोबाइल पर शिवाला कलां थाना पुलिस को हमले की जानकारी दी। हरकत में आई थाना पुलिस, क्यूूआरटी व यूपी-100 मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ दिया। उधर जानकारी मिलने के बाद कस्बे के लोगों में रोष फैल गया। सैकडों लोग एकत्र हो गए। इस्माईलपुर की तरफ कूच करते इससे पहले ही थाना पुलिस अलर्ट हो गई। जनपद के बॉर्डर पर भारी पुलिस तैनात कर दी गई। किसी को भी बिजनौर की तरफ नहीं जाने दिया। पूर्व चेयरमैन की तरफ से दी गई तहरीर पर नौगावां सादात थाना पुलिस ने घटनास्थल शिवाला कलां का होने के कारण कार्रवाई से इंकार कर दिया।
संघर्ष में सुहैल, जीशान, गुड्डी देवी व राजवीर घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें नूरपुर सीएचसी पर भर्ती कराया। इस संबंध में गुड्डी देवी की ओर से सुहैल, जीशान, रिहान, रहीम, अकरम, ताहिर, जाहिद व बाबू खां के विरुद्घ तहरीर दी गई है। दूसरे पक्ष के नईम की ओर से लोकेश, ध्यान सिंह, राजवीर, सतीश, बबलू के विरुद्घ तहरीर दी गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

थ्री-व्हीलर भी रहे बंद, लोग परेशन
रविवार को शिवाला कलां से नौगावां के लिए चलने वाले थ्री-व्हीलर भी बंद रहे। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात है। रविवार को चांदपुर विधायक कमलेश सैनी ने गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली और पुलिस को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन


बाइकों पर स्टंट बना शौक
नूरपुर। बाइकों पर स्टंट करना युवाओं का शौक बन गया है। सड़कों पर शाम के समय अक्सर युवा बाइक पर स्टंट करते देखे जा सकते हैं। ये युवा बुलेट मोटरसाइकिल से बर्स्ट फायर कर लोगों को डरा रहे हैं। गांव इस्माइलपुर में भी स्टंटबाज युवाओं को लेकर ग्रामीणों में काफी गुस्सा था। इसीलिए उन्होंने शनिवार शाम तीन युवकों को बंधक बना लिया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें