बिजनौर। सर्व शिक्षा अभियान के तहत चयनित 53 सह समन्वयकों की सूची शुक्रवार को जारी कर दी गई। मगर, बीएसए महेश चंद्र ने दो सह समन्वयकों के कार्य ग्रहण करने पर रोक लगाई है।
कई दिनों से जिले में सह समन्वयकों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही थी। चयन प्रक्रिया पर आपत्ति भी दर्ज कराई गई थी। बेसिक शिक्षा विभाग ने लोकसभा चुनाव को नजदीक देखते हुए शुक्रवार को आनन फानन में सूची जारी कर दी। बीएसए महेश चंद्र के मुताबिक जिले में 55 सह ब्लॉक समन्वयकों का चयन प्रतिनियुक्ति पर किया जाना था। जारी सूची में 53 समन्वयकों के नाम में अफजलगढ़ व जलीलपुर की सूची में चार-चार समन्वयक व अन्य सभी विकास क्षेत्रों में पांच-पांच समन्वयकों का चयन किया गया है। बीएसए ने बताया कि दो समन्वयकों के चयन पर आपत्ति दर्ज होने से उनके कार्यभार ग्रहण पर रोक लगाई गई है। नजीबाबाद के शिक्षक मोबिन हसन की शिकायत मुख्यमंत्री पर है तथा कोतवाली में चयनित शिक्षक धर्मेंद्र कुमार की शिकायत भी की गई है। बीएसए महेश चंद्र के मुताबिक दोनों शिक्षकों के प्रकरणों की जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों को जांच पूरी नहीं होने तक कार्यभार ग्रहण नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। अन्य सभी समन्वयकों को 20 मार्च तक कार्यभार ग्रहण करने को कहा गया है।
बीएलओ व पदाभिहीत नहीं होंगे रिलीव
बीएसए महेश चंद्र ने जिले के सभी खंड़ शिक्षा अधिकारियों को दिए निर्देश में कहा है कि जिन शिक्षकों का चयन सह ब्लॉक समनवयकों के पदों पर किया गया है यदि उनमें कोई बीएलओ व पदाभिहीत है तो फिलहाल उन्हें कार्यमुक्त न किया जाए। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारी में काफी संख्या में शिक्षक लगे हैं। ऐसे में कार्य प्रभावित न हो इसे देखते हुए बीएलओ व पदाभिहीत के पदों पर काम करने वाले शिक्षकों को कार्यमुक्त नहीं करने को कहा गया है।