सुसाइड नोट छोड़कर लापता हुई महिला का शव मिला
शेरकोट। घर पर सुसाइड नोट छोड़कर लापता हुई महिला का शव खो नदी के गेटों में फंसा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाव की मदद से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला शेखान निवासी पुष्पेंद्र की पत्नी बबीता (32) बीते मंगलवार को घर पर सुसाइड नोट छोड़कर लापता हो गई थी। घर पर छोड़े सुसाइड नोट से पुलिस और परिजनों में हड़कंप मच गया। सुसाइड नोट में महिला ने खो नदी में डूबने की बात कही थी। आखिर हुआ भी वही। महिला ने खो नदी में कूदकर जान दे दी। कई दिन तक परिजनों और पुलिस ने महिला की तलाश की। खो नदी में भी सर्च आपरेशन भी चलाया गया। परंतु उसका कोई सुराग नहीं लगा था। मंगलवार सवेरे पुलिस को खो नदी के गेट नंबर 12 में एक लाश फंसी होने की सूचना मिली। सीओ कृपा शंकर कन्नोनिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नाव और गोताखोरों की मदद से खो नदी में सर्च अभियान चलवाया। इस दौरान गोताखोरों को नदी के गेट में महिला का शव फंसा हुआ मिला। जिसकी शनाख्त बबीता पत्नी पुष्पेंद्र के रूप में हुई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई है। एसओ हिमांशु चौहान का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। महिला के पति ने बताया उनमें कोई विवाद नहीं था।