सरकारी जमीन पर हुए कब्जों को ध्वस्त कराया
धामपुर। एसडीएम के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम में शामिल अधिकारियों ने नहटौर ओवर ब्रिज के निकट खाली पड़े तालाब की मछली पालन को फर्जी तौर पर आवंटन करने और वहां पर खाली पड़ी ग्राम समाज की जमीन पर हो रहे अवैध कब्जों को हटवाने के निर्देश दिए हैं। आदेशों के अनुपालन में राजस्व विभाग की टीम ने जेसीबी को साथ लेकर वहां अवैध तौर पर भरी नींव को ध्वस्त करा दिया है। हिदायत दी है कि यदि किसी ने फिर से अवैध तौर पर कब्जा करने का प्रयास किया तो पुलिस में रिपोर्ट कायम कराने के बाद कार्रवाई कराई जाएगी।
राजस्व निरीक्षक धामपुर रामखिलाड़ी शर्मा ने बताया कि कुछ लोगों ने नहटौर मार्ग पर ओवर ब्रिज के पास खाली पड़ी सरकारी जमीन पर अवैध तौर पर कब्जा कर रखा है। एसडीएम के आदेश पर जब मौके पर जाकर देखा तो वहां पर सरकारी जमीन पर अधिकांश लोगों की प्लाटों में नींव भरी हुई थी। टीम ने नींव को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। संबंधित आरोपियों को हिदायत दी कि यदि किसी ने फिर कब्जा करने का प्रयास किया तो कार्रवाई होगी। विभाग की कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा है। कानूनगो का कहना है कि किसी भी हालत में कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। रिपोर्ट से एसडीएम को अवगत करा दिया गया है।