बिजनौर। बुलंद हौसले और कुछ करने की चाहत आदमी को मंजिल तक पहुंचा देती है। इसी को साबित कर दिखाया है जनपद के दस शूटरों ने। ये निशानेबाज केरल में होने वाली 62 वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में निशाने साधकर जिले का नाम चमकाएंगे। इस चैंपियनशिप में देशभर के विभिन्न राज्यों से निशानेबाज अपनी किस्मत आजमाएंगे।
जिले के दस शूटरों का नेशनल में चयन हुआ है। इनमें 10 मीटर एयर रायफल में सामिया मेहर, ख्याति चौधरी, मयंक आर्य, आकाशदीप सहगल, अनिल, मनोज, हर्ष और 10 मीटर एयर पिस्टल में मनजीत, दीपांशु दक्ष, उज्ज्वल सूद शामिल हैं। इस उपलब्धि पर इनके परिजनों में हर्ष व्याप्त है। बता दें कि इस चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी ही राष्ट्रीय खेल का हिस्सा बनते हैं। यह नेशनल का एकमात्र क्वालीफाइंग टूर्नामेंट है। जिला खेल कार्यालय के कोच सैयद सादिक अनीस ने बताया कि केरल के त्रिवेंद्रमपुर में होने वाली 62 वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप 25 नवंबर से एक दिसंबर तक होगी। मेजबान केरल के साथ दिल्ली, गुजरात, पंजाब, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, हैदराबाद, पश्चिम बंगाल, आसाम, महाराष्ट्र, हरियाणा, उत्तराखंड आदि के निशानेबाज हिस्सा लेंगे। शूटरों की इस उपलब्धि पर उप जिला क्रीड़ाधिकारी राकेश यादव एवं जयवीर सिंह ने शूटरों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इंटर स्कूल प्रतियोगिता के लिए भी हुआ चयन
बिजनौर। कोच सैयक सादिक अनीस के अनुसार आईएसएसएफ की ओर मेरठ मेें चल रही 10 मीटर एयर रायफल में सामिया मेहर ने जूनियर बालिका वर्ग में 600 में से 585 अंक पाकर गोल्ड मेडल प्राप्त किया। ख्याति चौधरी ने सब जूनियर के बालिका वर्ग में 400 में 389 अंक प्राप्त गोल्ड मेडल और जूनियर में सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। जूनियर वर्ग के 10 मीटर पिस्टल में दीपांशु दक्ष ने 600 में से 560 अंक पाकर छठे स्थान प्राप्त किया। तीनों शूटरों ने नेशनल के लिए क्वालिफाई किया। कोच ने बताया कि तीनों शूटर गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में 11 से 17 अक्तूबर तक चलने वाली ऑल इंडिया इंटर स्कूल स्तरीय नेशनल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे।