नांगलसोती/नजीबाबाद। गौसपुर में गंगा के किनारे स्थित खेत में चारा काट रहे दो युवक अचानक हुए भूस्खलन से मिट्टी में दब गए। ग्रामीणों ने करीब काफी गहराई में दबे युवकों को सकुशल निकाल लिया।
नांगलसोती थाना क्षेत्र के गांव गौसपुर निवासी जयपाल सिंह का पुत्र कामेंद्र अपने खेत पर साथियों गौरव, राजेश और कामेंद्र कुमार के साथ चारा काट रहा था। जिस खेत पर युवक चारा काट रहे थे उसके नजदीक काफी गहराई में गंगा बह रही है। अचानक खेत की ढांग नीचे बैठ गई जिससे चारा काट रहा कामेंद्र और गौरव मिट्टी की ढांग के साथ काफी गहराई में नीचे जाकर दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और नांगलसोती के थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही एसडीएम डॉ.पंकज कुमार वर्मा एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। क्षेत्रीय ग्रामीणों औकेश, सोनू, अमित, राजवीर, कोमल, कुंवर पाल, रणधीर, पप्पू आदि ने मिट्टी में दबे दोनों युवकों को सकुशल बाहर निकाला।