अमरोहा। दो दिन तक चिलचिलाती धूप निकलने के बाद फिर से मौसम ने करवट बदल ली है। शुक्रवार रात झमाझम बारिश हुई। दिन निकलते ही मौसम खुशनुमा हो गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
पिछले दो तीन दिनों से चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा था। कई बार सूर्यदेव बादलों में अठखेलियां करते नजर आए। दिनभर कभी धूप तो कभी बादल घिर आ रहे। शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं बारिश पड़ने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। एक घंटे की बारिश ने कई इलाकों में जलभराव भी कर दिया। हालांकि तड़के तक सड़कों पर भरा पानी सूख गया। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक अगले दो दिन तक बारिश के आसार बने हुए हैं। वहीं शुक्रवार की रात हुई बारिश पड़ने के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।