हसनपुर। बाइक सवार दो युवकों ने पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से मारपीट की। वहीं युवकों पर पचास हजार रुपये लूटने का भी आरोप है। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। शनिवार की शाम हसनपुर अतरासी मार्ग स्थित हाजीपुर किसान सेवा केंद्र पर दो बाइक सवार युवक पहुंचे। इन्होंने बाइक में तेल डालने की बात कही। सेल्समैन आशीष उर्फ भूरा ने जेनरेटर में खराबी बताते हुए कुछ देर बाद तेल मिलने की बात कही। इस पर उक्त दोनों युवक आग बबूला हो गए। जिस पर दोनों युवकों ने सेल्समैन से गाली गलौज करते हुए मारपीट की। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों युवकों को थाने ले आई। सेल्समैन ने पचास हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है। पेट्रोल पंप स्वामी रोविन चौधरी भी कोतवाली पहुंच गए। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।