अमरोहा। इमरान प्रतापगढ़ी फाउंडेशन के तत्वावधान में मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी की पहल पर अमरोहा में ऑल इंडिया मदरसा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रदेश को चार मंडलों में बांटा है। इसके तहत अमरोहा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा। कार्यक्रम में मदरसों में पढ़ने वाले छात्र-छात्रा मेरे सपनों का भारत और तालीम, सियासत और मुसलमान विषय पर अपने विचार रखेंगे।
स्टेशन रोड स्थित कौशल विकास केंद्र में 16 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के मदरसा छात्र-छात्रा ऑल इंडिया मदरसा भाषण प्रतियोगिता में मेरे सपनों का भारत के अलावा तालीम, सियासत और मुसलमान विषय पर भाषण प्रतियोगिता में भाग लेंगे। कार्यक्रम संयोजक सरवरे आलम ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को इमरान प्रतापगढ़ी सम्मानित कर अपने हाथों से पुरस्कृत करेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अब तक कई जिलों के दर्जनों छात्र-छात्राओं का नामांकन किया जा चुका है। आयोजक मंडल में अहमद खान, सरवरे आलम, जावेद अंसारी, नजमुश साकिब, जगदीश सचदेवा आदि शामिल होंगे।