बिजनौर । राष्ट्रीय विकलांग एसोसिएशन ने अनेक मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में धरना दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम वीके सिंह को देते हुए कार्रवाई की मांग की।
एसोसिएशन सदस्य टाउन हॉल में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। धरने में वक्ताओं ने कहा कि जिले के दिव्यांगों की आर्थिक हालत बहुत नाजुक है। इन्हें मुख्यधारा में शामिल करके रोजगार दिया जाना चाहिए। ज्ञापन में पुलिस की ओर से दिव्यांगों का उत्पीड़न रुकवाने, सरकारी कार्यालयों में दिव्यांगों के लिए रैंप बनवाने, दिव्यांग आयोग का गठन करने, पेंशन तीन हजार रुपये मासिक देने, गरीब दिव्यांगों के अंत्योदय कार्ड बनवाने, रोजगार के लिए ऋण की व्यवस्था कराने, नि:शुल्क शिक्षा दिलाने, आवास सुविधा का लाभ देने सहित अनेक मांग की। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष एमआर पाशा, जाकिर, मोहम्मद इमरान, जाकिर, संतोष, पिंकी, गौरव कुमार, सत्यप्रकाश वाल्मीकि, नरगिस, अनीसा आदि मौजूृद रहे।