बिजनौर। जिले की शुगर मिल ने गन्ना मूल्य भुगतान में पिछले चार साल के रिकार्ड तोड़कर किसानों को 28 नवंबर तक 327 करोड़ गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है। इसी के साथ जिला गन्ना मूल्य भुगतान में प्रदेश में पहले नंबर पर हो गया है। धामपुर शुगर मिल ने सबसे अधिक भुगतान किया है। स्योहारा शुगर मिल दूसरे नंबर पर है।
डीसीओ ओपी सिंह के अनुसार 28 नवंबर तक वर्ष 2013-2014, वर्ष 2014-2015, तथा वर्ष 2015-2016 में 28 नवंबर तक कोई गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं किया गया था। वर्ष 2016-2017 में मात्र 80 करोड़ गन्ना मूल्य का भुगतान हुआ। इस साल मिल 27 नवंबर को चली। जिले की नौ शुगर मिल 28 नवंबर तक एक करोड़ 60 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर चुकी हैं। प्रशासन शुरू से ही शुगर मिलों पर 14 दिन के अंदर भुगतान करने के लिए दबाव बनाए हुए था। धामपुर शुगर मिल ने 86 करोड़, स्योहारा ने 59 करोड़, बिलाई ने 37 करोड़, बहादरपुर ने 51 करोड़, बरकातपुर ने 16 करोड़, चांदपुर ने नौ करोड़, नजीबाबाद ने 12 करोड़ और बिजनौर शुगर मिल ने सबसे कम मात्र तीन करोड़ का भुगतान किसानों को किया है।