बिजनौर । परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों के तीन महीने के अवशेष वेतन का भुगतान जल्द होगा। वेतन भुगतान की तैयारी की तैयारी की जा रही है। वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा ने विकास क्षेत्रों के खंड शिक्षा अधिकारियों से अवशेष वेतन के बिल कार्यालय में जमा कराने को कहा है। जिले के करीब नौ हजार शिक्षकों लाभ मिलेगा।
परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग की सिफारिश के अनुसार बढ़ी सैलरी का भुगतान जनवरी 2017 से करने के आदेश दिए गए थे, लेकिन सॉफ्टवेयर के काम नहीं करने पर नगद भुगतान अप्रैल की सैलरी से किया गया। जनवरी, फरवरी और मार्च 2017 की बढ़ी सैलरी का भुगतान अभी तक नहीं हो सका है। उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नागेश कुमार, मंत्री प्रशांत चौधरी, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर यादव, मंत्री दुष्यंत कुमार व मीडिया प्रभारी अंगजीत सिंह ने बीएसए और वित्त एवं लेखाधिकारी से अवशेष वेतन के भुगतान की मांग की थी। जिले के करीब नौ हजार शिक्षकों को अवशेष वेतन का लाभ मिलेगा। प्रत्येक शिक्षक को 20 हजार से लेकर 25 हजार रुपये तक की धनराशि मिलेगी। वित्त एवं बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके भुगतान की तैयारी शुरू कर दी है। वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक संजय शर्मा के मुताबिक जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से सातवें वेतन आयोग की सिफारिश लागू होने के समय तीन महीने के अवशेष वेतन के बिल कार्यालय में जल्द जमा करने को कहा गया है। ताकि शिक्षकों के अवशेष वेतन बिलों का भुगतान किया जा सके। कार्यालय की ओर से इसकी तैयारी की जा रही है।