बिजनौर। जिले में छाए कोहरे और धुंध को देखते हुए डीएम जगतराज ने स्कूलों में समय परिवर्तन किया है। स्कूलों का समय सुबह नौ बजे से शाम तीन बजे तक किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
घने कोहरे के साथ ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। जिले में लगतार तीसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे ने वाहनों की स्पीड पर ब्रेक लगा रखे हैं। अगर कोहरा छंटता भी है तो रही सही कसर धुंध ने पूरी कर रखी है। दिन भर धुंध छाई रहने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शाम को भी छह बजे से ही कोहरा आ जाता है। इसकी वजह से सड़कों पर आगे का परिदृश्य बहुत धुंधला हो गया है। वाहन भी खुले मार्गों पर काफी कम गति से चल रहे हैं। इसे देखते हुए डीएम जगतराज ने स्कूलों का समय परिवर्तित किया है। डीएम के अनुसार सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन मान्यता प्राप्त उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, इंटर कॉलेज, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त समस्त सेकेंडरी स्कूल एवं सीनियर सेकेंडरी स्कूल का समय सुबह नौ बजे से शाम तीन बजे तक किया गया है। डीएम ने निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है।