डीसीओ दफ्तर में कंट्रोल कक्ष खुला
बिजनौर।
किसानों की गन्ने से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए डीसीओ दफ्तर में कंट्रोल कक्ष खोल दिया गया है। शिकायतों को सुनने के लिए स्टाफ की तैनाती कर दी गई है।
डीसीओ ओपी सिंह के अनुसार जिले की शुगर मिलों ने पेराई शुरू कर दी है। प्रशासन किसानों का शोषण रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की शिकायतों जैसे गन्ना खरीद केंद्रों पर घटतौली, पर्ची वितरण की अनियमितता पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई के आदेश हैं। इसको देखते हुए डीसीओ दफ्तर में कंट्रोल कक्ष बना दिया गया है। कंट्रोल कक्ष में रात दिन कर्मचारी रहेगा। शिकायतों के निस्तारण के रोजाना समीक्षा होगी। कर्मचारियों को हिदायत दे दी गई है कि शिकायतों के निपटारे में कोताही नहीं बरतें। शिथिलता पर कार्रवाई होगी। कंट्रोल कक्ष का फोन नंबर 01342-262291 है।