बड़िया/नजीबाबाद। बड़िया-जट्टीवाला संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल को ठीक कराने का जिम्मा एक बार फिर से सिख समाज ने अपने कंधों पर लिया है। क्षेत्र के सिखों ने पुल के दोनों ओर मालन नदी से क्षतिग्रस्त एप्रोच बनाने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉलियों से भरान का अभियान चलाया।
प्रशासन से कारसेवा से बने बड़िया-जट्टीवाला पुल की एप्रोच बनाने की शुक्रवार को क्षेत्रीय किसानों ने मांग की थी। प्रशासन, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के ढुलमुल रवैये के बाद एक बार फिर से सिख समाज ने क्षतिग्रस्त पुल की एप्रोच दुरुस्त करने का बीड़ा उठाया है। शनिवार को बीरूवाला के ग्राम प्रधान अवतार सिंह, इकबाल सिंह, साहब सिंह, शीशा सिंह, जसवंत सिंह, सतीश चौहान, रतन सिंह, दलवीर सिंह, छब्बा सिंह सहित क्षेत्र के सिख समाज ने कारसेवा कर पुल के दोनों ओर की एप्रोच से खिसकी मिट्टी के भरान का अभियान शुरू किया। शनिवार देर शाम तक एक साइड की एप्रोच भरी जा चुकी थी। सिख समाज ने शुक्रवार को पुल से फिर से आवागमन शुरू हो जाने की संभावना व्यक्त की।