बिजनौर । परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों के रिक्त पड़े 600 पदों को भरने के लिए शिक्षकों ने बीएसए से शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी करने की मांग की है।
परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों के पदों को भरने के लिए शिक्षक संगठन एकजुट होने शुरू हो गए हैं। शिक्षकों का कहना है कि पिछल सात साल से प्रधानाध्यापकों के पदों पर शिक्षकों को प्रमोशन का लाभ नहीं मिला है। जिले के करीब 600 स्कूल ऐसे हैं जिनमें प्रधानाध्यापक नहीं है। सहायक अध्यापक को ही चार्ज देकर किसी तरह से काम चलाया जा रहा है। अब समायोजन पर कोर्ट से स्टे होने के बाद शिक्षकों ने बीएसए से उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों के पदों को भरने के लिए वरिष्ठता सूची जारी करने की मांग की है। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार यादव और मंत्री दुष्यंत कुमार ने बताया कि बीएसए से शिक्षकों की वरिष्ठता सूची प्रकाशित कराने की मांग की गई है। उधर, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नागेश कुमार व मंत्री प्रशांत सिंह ने बताया कि प्रमोशन नहीं होने से शिक्षकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। वरिष्ठता सूची प्रकाशित होने पर ही प्रमोशन हो सकते हैं। इसके लिए बीएसए को मांग पत्र सौंपा जाएगा।