नजीबाबाद। सफाईकर्मी को पीटने वाले प्रधान और उसके साथियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। उत्तर प्रदेश पंचायत सफाई कर्मी संघ ने प्रशासन को इस बावत चेेतावनी दी।
उप्र पंचायत सफाईकर्मी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाशचंद्र प्रजापति ने साथी सफाईकर्मियों के साथ एसडीएम उद्भव त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम को बताया गया कि इस्सेपुर में सफाई कार्य में लगे सफाई कर्मी गांव आजमपुर गाजी निवासी अनिल कुमार पर प्रधान ने घर एवं पशुशाला में सफाई के लिए दबाव बनाया। अनिल के मना करने पर प्रधान और उसके दो साथियों ने अनिल की पिटाई की। घटना में अनिल को काफी चोटें आईं।
सफाईकर्मी संघ के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को बताया कि पुलिस को तहरीर देने के बाद भी आरोपी प्रधान के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सफाईकर्मियों ने एसडीएम से प्रकरण की जांच कराकर प्रधान और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो विकास खंड के सफाईकर्मी बेमियादी हड़ताल पर जाने पर विवश होंगे।