पौधे लगाकर वन महोत्सव का किया आगाज
बिजनौर। वन महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम जगतराज ने इंदिरा पार्क में पौधरोपण कर किया। वन महोत्सव में बिजनौर डिविजन द्वारा 50 हजार पौधे लगाए जाएंगे। विदुर कुटी क्षेत्र में दस हेक्टेयर जमीन में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी समारोह के अंतर्गत पौधरोपण होगा।
डीएम जगतराज ने वन व अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक में कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए पौधरोपण बहुत जरूरी है। उन्होंने पांच जून को सभी स्कूल-कॉलेज में विद्यार्थियों व स्टाफ को पेड़ों की रक्षा करने का संकल्प दिलाने और 40-40 पौधे रोपित कराने को कहा। साथ ही जागरूकता रैली निकलवाने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को भी पौधरोपण कराने को कहा। डीएफओ डा.एम सेम्मारन ने कहा कि गंगा किनारे 21 गांवों की खाली पड़ी जमीन पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के मौके पर पौधरोपण होगा। इस दौरान सीडीओ डा.इंद्रमणि त्रिपाठी, इंद्रजीत सिंह, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता एसके सिंह, बाबू सिंह, शशि भूषण, उपप्रभागीय अधिकारी अशोक शर्मा, रेंजर सतीश कुमार ,मित्रलाल गौतम, आरके सिंह आदि मौजूद रहे।