जिलेभर में बनाईं 34 बाढ़ चौकियां
धामपुर (बिजनौर)। अफजलगढ़ सिंचाई खंड धामपुर के अधिकारियों का कहना है कि गंगा का कटान रोकने के लिए 53 करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार कर सरकार को भेजा था, पर इसे अब तक स्वीकृति नहीं मिली है। बाढ़ की आशंका से निपटने के लिए जिले में 34 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं। इनका प्रभारी विभाग के जेई होंगे।
एआईडी के एसडीओ हिमांशऱ्ु धारिया ने बताया कि बाढ़ चौकियों की स्थापना 15 जून को कर दी गई है। ये चौकियां 30 अक्तूबर तक काम करेंगी। बिजनौर क्षेत्र में सात, धामपुर में 10, नगीना में छह, नजीबाबाद में छह व चांदपुर में पांच चौकियां हैं। इन पर दो-दो कर्मियों की आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। एसडीओ ने बताया कि रेहड़ के पहाड़ी क्षेत्र में तीन दिन से बारिश हो रही है। तीन दिन पहले तक रेहड़ का पीली बांध पूरी तरह से सूखा था, पर पहाड़ों पर बारिश से बांध में 841 फिट की क्षमता के सापेक्ष 815 फिट तक पानी तक पहुंच गया है।