नौ महीने में सवा लाख लोगों ने कराया बीमा
बिजनौर। कोरोना काल में अपनी व परिजनों की जान की जिले के लोगों ने बहुत परवाह की है। केवल नौ महीने में ही सवा लाख से अधिक परिवारों ने बैंकों व एलआईसी में अनेक बीमा योजनाओं का लाभ लिया है। इसके अलावा निजी कंपनियों से भी बीमा बड़ी तादाद में कराए गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में पहले कभी बीमा नहीं हुए थे।
2011 की मतगणना के अनुसार जिले की आबादी 36.5 लाख से अधिक है। जिले में पहले काफी कम संख्या में लोग बीमा योजनाओं में पंजीकरण कराते थे। सरकारी कर्मचारियों को छोड़े दें तो आम आदमी की दिलचस्पी बीमा योजनाओं में कम ही रहती थी। लेकिन छह साल पहले शुरू हुईं प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना व अटल पेंशन योजना में जिलेवासियों ने दिलचस्पी दिखाई। इन योजनाओं का प्रीमियम कम होने की वजह से लोगों ने योजनाओं में पंजीकरण कराया।
बैंकों द्वारा भी बार-बार शिविर लगाकर उपभोक्ताओं का पंजीकरण किया गया। जहां योजनाओं में पंजीकरण कराने के लिए बैंक अफसरों को मेहनत करनी पड़ती थी, कोरोना काल ने उस स्थिति को एकदम पलटकर रख दिया। कोरोना काल में लोगों को बीमे की अहमियत समझ में आई। तब काफी दिन बैंक बंद रहे और बाद में भी बैंकों में केवल नगदी का लेनदेन ही किया गया। लॉक डाउन में थोड़ी ढ़ील मिली तो जनता ने बीमा कराने में बहुत दिलचस्पी दिखाई। मार्च 2020 में जो पंजीकरण थे वे दिसंबर तक बहुत बढ़ गए। इतने पंजीकरण एक साल में भी नहीं हो पाते थे। बीमा कराने वाले अपने और अपने परिजनों को आर्थिक सुरक्षा का कवच पहना रहे हैं।
योजना मार्च 20 दिसंबर 20 2021
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना 203766 220878 17112
प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना 319043 382583 63540
अटल पेंशन योजना 53100 63210 10210
नोट:आंकड़े बैंकों से लिए गए हैं।
लक्ष्य किया पूरा : बिजेंद्र प्रकाश
एलआईसी की चांदपुर शाखा के प्रबंधक बिजेंद्र प्रकाश के अनुसार इस वित्तीय वर्ष में साढ़े सात हजार बीमा कराने का लक्ष्य शाखा को मिला था। यह लक्ष्य फरवरी में प्राप्त कर लिया गया है।
बहुत कम जाता है प्रीमियम : एलडीएम
एलडीएम जुगेंद्र कुमार ग्रोवर के अनुसार बैंकों में चल रही योजनाओं में बहुत कम प्रीमियम देना होता है। जनता इनमें काफी दिलचस्पी दिखा रही है। अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इन योजनाओं में बीमा कराना चाहिए।