पैगंबरे इस्लाम हजरत मुहम्मद (सल्ल.) के यौमे पैदाइश (जन्म दिवस) ईद मिलादुन्नबी के जश्न में शहरी और ग्रामीण इलाके डूबे रहे।
रविवार को जहां दिनभर जुलूसे मुहम्मदी के निकलने का तांता लगा रहा तो वहीं रात में होने वाली तकरीरों में उलेमा ने नबी की सीरत पर रोशनी डाली।
महबूब की आमद मरहबा, रसूल की आमद मरहबा से इलाके गूंजते रहे। जबकि जगह-जगह अंजुमनों ने मंच पर नबी की शान में नाते पाक का नजराना भी पेश किया। उधर, जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
सुबह फज्र की नमाज के बाद मस्जिदों से पैगंबरे इस्लाम के आमद की सदाएं गूंजने लगी थीं। मस्जिदों, मकानों पर लोगों ने जहां इस्लामिक झंडे लगा रखे थे वहीं रोशनी के लिए विद्युत सजावट भी की थी।
घरों मे लोगों ने फातिहा कराई और तबर्रुक बांटे। जबकि गरीबों को खाना खिलाया गया और उन्हें दान दिए गए। मदरसा शमसिया तेगिया का जुलूस मर्यादपट्टी से दोपहर 2 बजे निकला
जो मेनरोड, मशालरोड, जानू शहीद बाबा मार्ग, स्टेशन रोड, अहमदगंज, बाजार सरदार खां, गौरियाना, मलिकाना, अंबरनीम होते हुए अजीमुल्लाह चौराहे पहुंच कर समाप्त हुआ।
जुलूस में हजारों की संख्या में सफेद लिबास और हरा अमामा बांधे दीवान-ए-रसूल इसलामी परचम के साथ नाते नबी गुनगुनाते और या मरहबा या मुस्तफा की सदा बुलंद करते चल रहे थे।
ज्ञानपुर में भी शहर के अलावा ग्रामीण इलाकों में जश्न ईद मिलादुन्नबी की धूम रही। जिले भर में निकाले गए जुलूसे मोहम्मदी में बड़ी तादाद में आम लोगों के साथ उलेमा-ए-दीन ने भी शिरकत की।
तकरीर में उन्होंने पैगंबरे इस्लाम के बताए नेक रास्तों पर चलने की नसीहत की। पुरानी बाजार से राइन कमेटी, दुर्गागंज त्रिमुहानी से इस्लामिया कमेटी और कादरिया कमेटी की ओर से जुलूस निकाले गए। जुलूस में मदीना और मक्के शरीफ का आकर्षक रौजा भी निकाला।
गोपीगंज संवाददाता के अनुसार, यौमे पैदाइश के मौके पर नगर में जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया। भोर में पैदाइश मुबारक के समय जामा मस्जिद के पास आमदे मुस्तफा के जश्न में जबर्दस्त आतिशबाजी की गई।
जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अनीशुल कादिरी के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया। बरजीखुर्द में मदरसा दारुल नूरिया शमसिया की ओर से जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया।
जंगीगंज क्षेत्र के सराय जगदीश में यौमे पैदाइश का जुलूस निकाला गया। मोढ़ संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के ग्राम चकचंदा नूरी नगर में यौमे पैदाइश पर जुलूस निकाला गया।
घोसिया संवाददाता के अनुसार, पैगंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद की यौमे पैदाइश आमदे मुस्तफा के जश्न में अंजुमन रजाए मुस्तफा समेत विभिन्न कमेटियों की ओर से जुलूस निकाला गया।
इसमें एसडीएम राजेंद्र कुमार, एसओ विवेक उपाध्याय, बैजनाथ गौतम, नुमान चेयरमैन भी शामिल रहे। जुलूस जामा मस्जिद ईदगाह से शुरू होकर ताजिया रोड, मिश्रानी, तकिया, सिन्हा रोड होते हुए जीटीरोड, सदर के बाद हजरत अब्दुल खालिद के दरगाह पर समाप्त हुआ।
माधोसिंह में बाराने रहमत कमेटी की ओर से ऊंट, घोड़े, कार और बाइक के काफिले के साथ निकाले गए शानदार जुलूसे मोहम्मदी में हजारों की तादाद में लोग शामिल हुए।
माधोसिंह फटका से निकला जुलूस पंजाब नेशनल बैंक होते हुए खमरिया त्रिमुहानी, बाजार, शिवाला होते हुए जीटी रोड होते हुए फटका पर पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस में मदरसे के छात्रों के अलावा माधोसिंह समेत आसपास के मुसलमान उमड़ पड़े थे।
सुभाषनगर और ऊंज संवाददता के अनुसार, यौमे पैदाइश पर सूफीनगर, गोधना, बनकट खास, बिछियां, कुरमैचा, सुधवैं, अकोढ़ा, हलबलपुर आदि स्थानों पर जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया।
सुरियावां संवाददाता के अनुसार, मदरसा इस्लामिया गुलशने मदीना, फाटक गली, आतिशबाज मोहल्ला, अलफलाह गौसिया पब्लिक स्कूल, मदरसा सिराजुल उलूम कुन्नीपुर के लोगों ने यौमे पैदाइश पर जुलूस निकाल कर ईद मिलादुन्नबी का जश्न मनाया।