मृतक पंकज सिंह की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
- फोटो : credit
गहमर कोतवाली क्षेत्र के सेवराई गांव में मंगलवार की रात तालाब में डूबने से पंकज सिंह (45) की मौत हो गई। बुधवार की सुबह तालाब के किनारे चप्पल और बाइक देख ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। गांव के लोग तालाब पर पहुंचे तो पंकज का शव उतराया मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक नंदकुमार तिवारी के अनुसार ग्रामीणों ने पूछताछ में बताया कि सुबह तालाब की मेड़ पर चप्पल और बाइक दिखाई देने से अनहोनी की आशंका हुई। जब लोगों ने तालाब में देखा तो एक व्यक्ति का शव पानी में उतराया मिला। ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया। मृतक की शिनाख्त सेवराई निवासी पंकज सिंह (45) के रूप में हुई। गांव के लोगों ने आशंका जताई कि देर रात पंकज सिंह तालाब की मेड़ पर बैठे होंगे और नींद आने के कारण तालाब में गिर गए होंगे। गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत की सच्चाई का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।