ज्ञानपुर के शिवरामपुर में युवक की मौत के बाद मौके पर जुटी भीड़ और पुलिस।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर चौराहे के पास ज्ञानपुर- दुर्गागंज मार्ग पर बुधवार को दोपहर दो बजे ओवरटेक के चक्कर में एक बाइक सवार की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। आसपास के लोगों ने ट्रक का पीछा किया लेकिन चालक भागने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुरियावां थानाक्षेत्र के तुलापुर निवासी विशाल (20) पुत्र स्व. छोटेलाल गिरी मंगलवार को दोपहर सरपतहां स्थित दीवानी न्यायालय गया था। अपने अधिवक्ता से जमीन से जुड़े कागजात लेने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। अभी वह शिवरामपुर चौराहे के समीप पहुंचा था कि ओवरटेक के चक्कर में सड़क के किनारे रखी गिट्टी से फिसलकर ट्रक के नीचे चला गया। ट्रक के पिछले पहिये के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक के पिता छोटेलाल गिरी की दो साल पहले ही मौत हो गई थी। वह दो भाइयों में छोटा था। एक बहन उजाला की अभी शादी नहीं हुई है। घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। कोतवाली प्रभारी मो. आलमगीर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।