जंगीगंज। कोइरौना थाना क्षेत्र के बनकट-उपरवार निवासी लवकुश मिश्रा शुक्रवार को जहरखुरानी का शिकार हो गया और कार सवार गिरोह ने 60 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। जानकारी पर परिजनों ने मौखिक सूचना पुलिस को दी लेकिन दूसरे दिन शनिवार को भी पुलिस के हाथ खाली रहे।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि लवकुश शुक्रवार को सुबह झोले में 60 हजार रुपया लेकर कोइरौना स्थित पहले यूनियन बैंक में पहुंचा था, जहां लगभग छह हजार रुपये जमा किया। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय के पास स्टेट बैंक में शेष रुपया जमा करने पैदल ही जा रहा था। उसी समय कार सवार जहरखुरानों ने उससे पता पूछने के बहाने उसे कार में बैठाकर नशीला पदार्थ सूंघाकर बेहोश कर दिया। जंगीगंज बाजार के पास बेहोशी के हालत में युवक को छोड़कर और उसके रुपये लेकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने युवक को बेहोशी हालत में देखकर परिजनों को सूचना दी। पहुंचे परिजनों ने बेहोश युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां होश आने पर युवक ने आपबीती बताई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कोइरौना मो. खुर्शीद अंसारी ने बताया कि मौखिक सूचना पर पुलिस जांच कर रही है लेकिन लिखित तहरीर परिजन नहीं दे सके हैं जिससे जांच प्रक्रिया को तेज किया जा सके।