प्रधानमंत्री का पुतला दहन करते आम आदमी पार्टी कार्यकर्त
- फोटो : bhadohi
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के विधायकों पर मुकदमे की कार्रवाई को फर्जी बताते हुए सोमवार को आप कार्यकर्ताओं ने ज्ञानपुर-भदोही मार्ग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और पीएम मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा और केंद्र सरकार साजिश रच रही हैं। चेतावनी दी कि इसे कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार को अस्थिर करने में लगी हुई है। इसलिए विरोध जताने के लिए प्रधानमंत्री निवास पर गए पार्टी के 52 विधायकों को द्वेषवश गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा भी दर्ज कर उत्पीडन करने का कार्य किया जा रहा है। कहा कि दिल्ली पुलिस ने केंद्र सरकार के इशारे पर उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत 52 विधायकों की गिरफ्तारी हुई है।
नाराज कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र की इस कार्रवाई को कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर दूषित मानसिकता रखने का आरोप लगाया। कहा कि केंद्र सरकार चाहे कितना भी जतन कर ले दिल्ली सरकार को किसी कीमत पर नुकसान नहीं पहुंचा सकता। कार्यकर्ताओं ने कि आप पर जो भ्रष्टाचार का आरोप लगाया जा रहा है उसे जनता की अदालत में ले जाएं तो समझ में आएगा।
पुतला दहन, प्रदर्शन और नारेबाजी करके आप कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। चेतावनी दी कि इसी तरह केंद्र का रवैया रहा तो यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा को कोई नहीं पूछेगा। अभी से उसे अपनी हार का समीकरण तय कर लेना चाहिए। इस मौके पर मनोज गुप्ता, अरुण चौहान, कफील अहमद, श्यामसुंदर, ओम प्रकाश मौर्य, कृपाशंकर यादव, दीपक तिवारी, रामधनी यादव, राजेश जाय सवाल आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।