योग यात्रा को हरी झंडी दिखाते संदेश योगी।
ज्ञानपुर। अंतराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए संगठनों से लेकर प्रशासनिक अफसर पूरी तैयारी में लग गए हैं। रविवार को केएनपीजी में विभिन्न आसनों का अभ्यास कराने के बाद ज्ञानपुर नगर में योग यात्रा निकाली गई। जिसमें 21 जून को लोगों को योग के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए आग्रह किया गया।
पतंजलि योग समिति की ओर से केएनपीजी की रामलीला मैदान में आयोजित योग के पूर्वाभ्यास का मुख्य विकास अधिकारी रमेश चंद्र पांडेय ने दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि योग वैश्विक रूप से सभी को स्वस्थ करने की विद्या है। योग हमें अनुशासन सिखाता है। जिससे देश और समाज का हित होता है। संगठन के प्रदेश प्रभारी संदेश योगी ने सीडीओ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मंडल प्रभारी धीरज सिंह ने साधकों को ग्रीव चालन, घुटना चालन, वृक्षासन, वज्रासन, शशकासन समेत अन्य आसनों का अभ्यास कराया। जिले में छह स्थानों पर 21 जून को होने वाले योग में ज्यादा संख्या में लोगों से पहुंचने के लिए कहा। इसके बाद केएनपीजी से विश्व योग दिवस जागरण यात्रा निकाली गई। इस मौके पर सुरेश मौर्य, एलपी यादव, अश्वनी साहू, मनोज मिश्रा, रूक्मणी पांडेय, अमित शर्मा, सुरेश विश्वकर्मा, प्रियंका पांडेय, प्रीती मिश्रा, शिवांगी, दिव्या, कविता, जया, क्रांतिमान आदि रहे।