जिले में 25 मई को आ रहे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दो घंटे तक रहेंगे। शासन की ओर से प्रशासन को भेजे गए कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का जिले में नौ बजकर 50 पर राजकीय वायुयान से आगमन होगा। वे यहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद लखनऊ के लिए 11 बजकर 50 मिनट पर हेलिकाप्टर से रवाना हो जाएंगे।
एसडीएम सदर और प्रोटोकॉल प्रभारी अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री 25 मई को सुबह साढ़े आठ बजे लखनऊ से बाबतपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। नौ बजे बाबतपुर-वाराणसी पहुंचने के बाद नौ बजकर पांच मिनट पर एयरपोर्ट से कार से भदोही के लिए प्रस्थान करेंगे । मुख्यमंत्री भदोही में नौ बजकर 50 मिनट पर कार्यक्रम स्थल प्राथमिक विद्यालय भिखारीपुर, बाबतपुर-भदोही मार्ग से पहुंचेंगे। वे दस बजे भदोही-गौरीगंज मार्ग और भदोही-बाबतपुर फोरलेन मार्ग का लोकार्पण के साथ ही भदोही-मिर्जापुर मार्ग का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण होगा। इस दौरान लाभपरक योजनाओं से लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित कराएंगे। इसके बाद 11 बजे जनसभा स्थल भिखारीपुर पहुंचेंगे। जहां पर जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 11 बजकर 45 मिनट पर कार्यक्रम स्थल भिखारीपुर से कार से प्रस्थान करेंगे। 11 बजकर 50 मिनट पर अभयनपुर गांव स्थित हैलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद 11 बजकर 55 मिनट पर लखनऊ के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।