सुरियावां। मुंबई अंडर-19 टीम के लिए सुरियावां के यशस्वी जायसवाल की धमाकेदार पारी से जिले में खुशियों के पटाखे फूटने लगे हैं। यशस्वी का पूर्व कोचिंग स्थल एनएनएस एकेडमी एवं अन्य जगहों पर युवाओं ने यशस्वी जायसवाल की बल्लेबाजी पर मिठाइयां बांटीं।
झारखंड के खिलाफ दोहरा शतक जमाने वाले मुंबई के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल सुरियावां नगर के रहने वाले हैं। उनके बेहतरीन प्रदर्शन पर यहां बृहस्पतिवार को जश्न का माहौल रहा। नगर निवासी और मुंबई के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल प्रथम श्रेणी क्रिकेट (वनडे) में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। 17 वर्षीय यशस्वी ने झारखंड के खिलाफ मैच में 154 गेंदों में 203 रनों की धमाकेदार पारी खेली। बुधवार को अलुर में खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी के एक मुकाबले में यशस्वी ने यह उपलब्धि अपने नाम की। पारी में यशस्वी ने 17 चौके और 12 छक्के जड़े। उन्होंने केवल 149 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया।
इसी के साथ अब विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन प्रथम श्रेणी क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले सातवें और घरेलू जमीन पर ऐसा करने वाले चौथे खिलाड़ी बने हैं। यशस्वी ने अब तक पांच लिस्ट-ए पारियों में 504 रन बनाए हैं। इस आधार पर वह अब लिस्ट-ए की पांच पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने का त्नर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। उनसे पहले यह रिकार्ड दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज ग्रीम पोलॉक के नाम था, जिन्होंने शुरुआती पांच लिस्ट-ए पारियेों में 493 रन बनाए थे।
एनएनएस एकेडमी के कोच आरिफ हुसैन और मैनेजर इसराइल अंसारी ने खुशी जताते हुए कहा कि यशस्वी जिस तरह से खेल रहा है, वह आगे और बेहतर प्रदर्शन करेगा। क्षेत्र के रमाकांत गुप्ता, विनय चौरसिया, नंदलाल गुप्ता, रामेश्वर प्रसाद ऊमर वैश्य, शेषधऱ गुप्ता, विजय शंकर राय, डॉ. विकास जायसवाल, अवधेश कुमार ऊमर, डॉ. संतोष उमर, डॉ. एमसी गुप्ता, डॉ. राजू गुप्ता, जटाशंकर मौर्य, आशीष सिंह, संजय श्रीवास्तव, अमर सिंह, मूलचंद साहू, विनोद जायसवाल, अनिल वर्मा, रमेश सेठ, छेदीलाल गुप्ता, गोरखनाथ उमर, संतोष आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है।