कोर्ट के आदेश के बाद बाजार सलाबत खां मोहल्ले में निर्माणाधीन सीवर लाईन। संवाद
भदोही। उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नगर पालिका ने बाजार सलाबत खान मोहल्ले में सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू करा दिया है। इसके लिए शिलान्यास कई महीने पहले हो गया था, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के बाद निर्माण कार्य ठप हो गया था। जलभराव से प्रभावित लोगों ने काम शुरू कराने के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की। इसके बाद न्यायालय ने 31 अक्तूबर तक निर्माण शुरू करने का आदेश दिया है।
इस बीच उच्च न्यायालय के आदेश पर नगर पालिका ने सीवर लाइन का काम शुरू करा दिया है। वार्ड के सभासद सुफियान अंसारी बताया कि जमुंद मोहल्ले से लेकर बाजार सलाबत खां तक के कुछ हिस्से में जलभराव की समस्या होती है। उन्होंने बताया कि इस समस्या के निराकरण के लिए क्षेत्र के लोग वर्षों से सीवर लाइन बिछाने की मांग कर रहे थे। पालिका अध्यक्ष नरगिस अतहर की संस्तुति के बाद गौरियाना मैदान से लेकर जमुंद मोहल्ला होते हुए बाजार सलाबत खां मुख्य मार्ग तक सीवर लाइन बिछाने के लिए 17 लाख रुपये के कार्य के लिए शिलान्यास भी कर दिया गया। इसी बीच कुछ लोगों ने यह कहकर विरोध शुरू कर दिया कि इससे समस्या दूर नहीं होगी और काम ठप हो गया। उन्होंने बताया कि कई महीने तक काम ठप रहने के बाद मोहल्ला जमुंद के कमाल हसन खान ने उच्च न्यायालय में काम शुरू कराने के लिए याचिका दायर की। जिसमे दो जजों की पीठ ने नगर पालिका को आदेश दिया कि 31 अक्तूबर तक सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू कराया जाए। न्यायालय ने काम शुरू हुआ कि नहीं, इसकी रिपोर्ट के साथ 5 नवंबर की तारीख पर उपस्थित होने के भी निर्देश दिए हैं।