औराई तहसील पर प्रदर्शन करती उपरौठ गांव की महिलाएं। संवाद
औराई। ग्रामीण अंचलों में जगह-जगह खुली शराब की दुकानों को लेकर बुधवार को महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। एसडीएम कार्यालय के सामने पहुंची उपरौठ गांव की महिलाओं ने नारेबाजी की।
महिलाओं ने एसडीएम को पत्रक सौंपकर दुकानों को हटाने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र हो या अस्पताल, मंदिर और स्कूल के समीप शराब की दुकानों पर शराबियों का जमावड़ा देर रात तक जमा रहता है। जहां ठेके के आसपास आए दिन वाद विवाद भी होता है। शराब पीकर लोग गांव में पहुंचने के बाद उल्टी सीधी हरकत और अपशब्दों का भी प्रयोग करने लगते हैं। ऐसी स्थिति में गांव और क्षेत्र का माहौल खराब होता है। उपरौठ गांव में आबादी से सटे नहर के पास खुले कंपोजिट शराब की दुकान को महिलाओं के हंगामे के बाद एसडीएम बरखा सिंह समेत अन्य लोगों ने आश्वासन दिया था।
इसके बाद भी कार्रवाई न होती देख महिलाओं ने औराई तहसील मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम कार्यालय के सामने शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। महिलाओं ने एसडीएम को पत्रक सौंपकर उसे बंद कराने की मांग की। एसडीएम बरखा सिंह ने बताया कि महिलाओं के पत्रक को आबकारी विभाग को भेजा गया है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। इस दौरान सरोज देवी, गायत्री देवी, जलेबा देवी, रेखा देवी, सुरेखा, सावित्री देवी, सीमा, चंदा, मीरा देवी, अजोरा, अनीता, सीता, पूनम, जानकी आदि रहीं।