इसके लिए चिकित्सक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए घरवालों ने शनिवार को सुबह स्वास्थ्य केंद्र के गेट के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दी।
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी एपी सिंह ने मुकदमा दर्ज करवा कर जाम समाप्त कराया।
जौनपुर के रामपुर थानाक्षेत्र के राजापुर ग्राम निवासी राजदेव यादव की पत्नी सुनीता देवी (32) ने भदोही सीएचसी पर मंगलवार को बंध्याकरण कराया था।
आपरेशन के बाद सुनीता घर चली गईं। गुरुवार को पेट में दर्द होने पर राजदेव पत्नी को सीएचसी ले आया। राजदेव के अनुसार चिकित्सकों ने उसकी पत्नी को भर्ती नहीं किया।
इस पर वह उसे लेकर निजी चिकित्सालय चला गया। वहां चिकित्सक ने हालत खराब बताते हुए भर्ती करने से इंकार कर दिया। हालांकि जोर देने पर भर्ती कर लिया लेकिन शुक्रवार देर रात सुनीता ने दम तोड़ दिया।
इसकी खबर फैलते ही घरवालों और संबंधियों ने भोर होते होते शव को सीएचसी गेट के सामने रख कर चौरी रोड जाम कर दिया। खबर मिलते ही क्षेत्राधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और आपरेशन करने वाले चिकित्सक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर जाम समाप्त कराया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।