लालानगर टोलप्लाजा पर हाथ से बुम उठाकर वाहन पार कराता युवक। स्रोत सीसी फुटेज
लालानगर। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे के लालानगर टोल प्लाजा पर आए दिन विवाद हो रहा है। सोमवार को पांच वाहनों के साथ प्रयागराज से वाराणसी जा रहे अधिवक्ताओं ने बिना टोल टैक्स दिए ही बूम उठाकर गाड़ी पास करा लिए। टोल कर्मचारियों ने विरोध किया तो उनकी नोंक-झोक करने लगे। टोल प्रबंधक ने पांचों वाहनों के पंजीकरण नंबर के आधार पर अधिवक्ताओं के खिलाफ गोपीगंज कोतवाली में तहरीर दी है।
वाराणसी निवासी अधिवक्ता गंगा स्नान करने प्रयागराज गए थे। वहां से लौटते समय टोल प्लाजा पर वाराणसी की ओर से जाते समय टाेल टैक्स देने से इनकार कर दिया। इस बात के लिए टोलकर्मियों से झड़प भी हुई। टोलकर्मियों ने बताया कि पांच वाहनों में बैठे अधिवक्ताओं का कहना था कि बाराबंकी में टोल प्लाजा पर अधिवक्ताओं के साथ हुई बदसुलूकी से देश में कहीं भी अधिवक्ता टोल टैक्स नहीं दे रहे हैं। इस समय अधिवक्ताओं का सांकेतिक हड़ताल चल रहा है, जब तक मामला नहीं सुलझेगा, तब तक उनका आंदोलन चलता रहेगा। आरोप है कि अधिवक्ताओं ने हाथ से बूम को हटाया और बिना टोल टैक्स दिए ही पांच वाहन पास करा लिए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। टोल प्लाजा के प्रबंधक राकेश रंजन ने कहा कि अधिवक्ताओं ने जबरदस्ती टोल प्लाजा का बूम हटाकर पांच वाहन पास कराए हैं। कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई है। गोपीगंज कोतवाल शैलेश राय ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है। तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।