देवनाथपुर के पास सुबह के समय मौसम में छाया धुंध। संवाद
- फोटो : 1
जिले के मौसम में बीते कुछ दिनों से लगातार बदलाव देखा जा रहा है। वहीं दो दिनों से हवा की रफ्तार बढ़ी है। इससे ठंड में इजाफा हुआ है। तेज हवाओं के साथ बढ़ी सिहरन ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह-शाम चल रही ठंडी हवा के कारण लोग गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं।
दोपहर के समय भी धूप में पहले जैसी तेजी अब नहीं रही। हवा की गति बढ़ने से खेतों में खड़ी फसलों और सब्जियों को भी हल्का नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार ऐसी ही बनी रह सकती है, जिससे न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने की उम्मीद है। इस सप्ताह न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की उम्मीद है। बृहस्पतिवार को 19 किलोमीटर के प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। सुबह ठंड का अहसास लगा है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते तीन दिनों में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री लुढ़का है। इसके कारण अब ठंड बढ़ी है। बताया मौसम में बदलाव का क्रम बना रहेगा।